अशोक नगर में ड्रोन से पकड़ी गई अवैध शराब फैक्ट्री, 500 लीटर कच्ची शराब जब्त
04 आरोपी गिरफ्तार, 8.75 लाख का मशरूका नष्ट

अशोकनगर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अशोकनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कचनार क्षेत्र अंतर्गत ओर नदी किनारे बसे ग्राम माधोगढ़ में नदी तट पर बनाई गई अवैध कच्ची शराब फैक्ट्री पर पुलिस ने तड़के दबिश देकर 500 लीटर कच्ची शराब जब्त की और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 5000 लीटर लहान मौके पर नष्ट किया, जिसकी कीमत लगभग 7.50 लाख रुपए आंकी गई है। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त टंकियां व अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। कुल मिलाकर 8 लाख 75 हजार 500 रुपए का मशरूका जब्त व नष्ट किया गया।
ड्रोन तकनीक से मिली सफलता…..दुर्गम और घने इलाके को देखते हुए पुलिस ने सर्चिंग के लिए ड्रोन तकनीक का उपयोग किया। ड्रोन सर्विलांस के चलते झाड़ियों और नदी की आड़ लेकर छिपे आरोपी भी पकड़ में आ गए।
चार नामजद आरोपी गिरफ्तार….दबिश के दौरान रमेश पारदी के कब्जे से 150 लीटर, पट्टा पारदी से 110 लीटर, श्यामलाल पारदी और प्रहलाद पारदी से 30-30 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। इसके अलावा मुल्लाखेड़ी की ओर पठारी क्षेत्र में दो स्थानों से 90-90 लीटर शराब भी बरामद की गई।
6 प्रकरण दर्ज, नदी प्रदूषण की धारा भी जुड़ी..थाना कचनार व थाना देहात में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कुल 6 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। नदी का पानी दूषित करने के आरोप में आरोपियों पर धारा 279 बीएनएस भी जोड़ी गई है।
वर्षों से चल रहा था अवैध कारोबार……..पुलिस के अनुसार माधोगढ़ क्षेत्र में बीते कई वर्षों से अवैध शराब का निर्माण हो रहा था। पहले आरोपी जंगल और नदी की आड़ लेकर फरार हो जाते थे, लेकिन इस बार तकनीकी रणनीति और ड्रोन की मदद से पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, खासकर आगामी करीला मेले को ध्यान में रखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
