“दो तलाक के बाद तीसरी शादी, IAS अवि प्रसाद फिर बने दूल्हा”
प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज

मुरैना: कूनो होटल में आईएएस अवि प्रसाद और अंकिता धाकरे ने रचाई शादी
मुरैना/श्योपुर। मध्यप्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद ने 11 फरवरी को कराहल स्थित कूनो होटल में आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे के साथ विवाह किया। यह विवाह सादगीपूर्ण समारोह में संपन्न हुआ, जिसमें चुनिंदा परिजन और करीबी मौजूद रहे।
अवि प्रसाद पूर्व में मुरैना और कटनी जिलों के कलेक्टर रह चुके हैं। पिछले एक दशक में यह उनकी तीसरी शादी बताई जा रही है। वहीं अंकिता धाकरे इससे पहले सबलगढ़ में एसडीएम, उज्जैन में जिला पंचायत सीईओ के पद पर कार्य कर चुकी हैं और वर्तमान में मंत्रालय में उपसचिव के रूप में पदस्थ हैं।
सूत्रों के अनुसार विवाह समारोह कराहल के कूनो क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को निजी रखा गया था और इसकी जानकारी सीमित दायरे में ही साझा की गई।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के इस नए दांपत्य जीवन की शुरुआत पर प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में चर्चा है। शुभचिंतकों ने उन्हें वैवाहिक जीवन की हार्दिक बधाई दी है और उनके सुखद, सफल एवं दीर्घ दांपत्य जीवन की कामना की है।
