युवक ने की आत्महत्या; अस्थियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजन, बोले- 6 महीने पहले नर्स से विवाद हुआ था
आत्महत्या के बाद गरमाया मामला

युवक ने फांसी लगाई; अस्थियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजन
दमोह :- परिजन बोले- 6 महीने पहले नर्स से विवाद हुआ था, टीआई ने सही कार्रवाई नहीं की
दमोह। रनेह निवासी महेंद्र लोधी की आत्महत्या के बाद बुधवार को परिजन और ग्रामीण अस्थियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। सैकड़ों लोगों ने परिसर के बाहर प्रदर्शन कर न्याय की मांग की। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
5 फरवरी को की थी आत्महत्या
परिजनों के अनुसार महेंद्र सिंह लोधी ने 5 फरवरी को पन्ना जिले के सिमरिया में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अंतिम संस्कार के बाद परिवार न्याय की मांग को लेकर अस्थियां लेकर दमोह पहुंचा।
क्या है पुराना विवाद
मामला जून 2025 का है। रनेह उप स्वास्थ्य केंद्र में नर्स नीलम यादव और महेंद्र के बीच विवाद हुआ था। महेंद्र ने आरोप लगाया था कि उनकी गर्भवती पत्नी का इलाज ठीक से नहीं किया गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट के आरोप लगे और घटना का वीडियो भी सामने आया था।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर प्रकरण दर्ज किया था।
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच कर नर्स का तबादला कर दिया था और एक वेतन वृद्धि रोकी थी। मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।
परिजनों का आरोप
परिजनों का कहना है कि दर्ज केस और कथित दबाव के कारण महेंद्र मानसिक तनाव में थे। उनका आरोप है कि रनेह थाना प्रभारी ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की। वे टीआई पर कार्रवाई और आर्थिक मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
मुआवजे की राशि को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं है। सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
प्रशासन का पक्ष
कलेक्टर से मिलने पांच लोगों का प्रतिनिधिमंडल गया है। प्रशासन का कहना है कि ज्ञापन लेकर मामले की जांच की जाएगी।
