सीएम का बड़ा एक्शन: सीधी कलेक्टर और गुना एसपी अंकित सोनी हटाए गए
जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई, रिश्वतखोरी के आरोपों से जुड़ा मामला

📍 भोपाल/सीधी/गुना से रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बड़ा कदम उठाया। सीएम ने सीधी जिले के कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी और अंकित सोनी, पुलिस अधीक्षक गुना को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के अचानक सीधी दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर के कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई। बताया जा रहा है कि कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की कमी लंबे समय से बनी हुई थी। रविवार को एक बार फिर शिकायतें सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया और कुछ ही घंटों के भीतर कार्रवाई कर दी।
वहीं गुना जिले में एसपी अंकित सोनी को हटाने के पीछे एक गंभीर मामला सामने आया है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों द्वारा एक व्यापारी से कथित तौर पर 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने का मामला उजागर हुआ। यह मामला उस समय सामने आया जब गुजरात के एक कारोबारी के वाहन से करीब एक करोड़ रुपये नकद मिलने की जानकारी मिली थी।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की और नकदी मिलने के बाद कथित रूप से 20 लाख रुपये की रिश्वत लेकर वाहन को छोड़ दिया गया। हालांकि बाद में मामला सामने आने पर रिश्वत की राशि वापस किए जाने की भी चर्चा है। इस पूरे घटनाक्रम में एसपी स्तर तक की जिम्मेदारी तय करते हुए सरकार ने सख्त कदम उठाया है |
सूत्रों का यह भी कहना है कि उक्त कारोबारी का संबंध एसपी अंकित सोनी से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
⚠️ सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संकेत दिया है कि प्रशासनिक लापरवाही, जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर पारदर्शिता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
🔍 आगे क्या?
अब नजर इस बात पर टिकी है कि सीधी और गुना जैसे महत्वपूर्ण जिलों में नए कलेक्टर और एसपी की नियुक्ति किसे सौंपी जाती है।

