हिण्डोरिया में शराब दुकान के विरोध में महिलाओं-पुरुषों का शांतिपूर्ण धरना, प्रशासन ने लिया संज्ञान
धार्मिक व शैक्षणिक संस्थानों के पास संचालित दुकान हटाने की मांग, कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश

दमोह | MP नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्र में संचालित देशी-अंग्रेजी कम्पोजिट शराब दुकान के विरोध में बुधवार सुबह स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने दुकान के मुख्य द्वार पर बैठकर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शराब दुकान को बस्ती से बाहर स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
इस दौरान लोगों ने क्रांतिकारी नारे लगाए और भजन-कीर्तन के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब दुकान धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थानों के पास संचालित हो रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।
धरना प्रदर्शन के बाद नगर के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर को पूर्व में दिए गए ज्ञापनों और स्मरण पत्रों की जानकारी दी। कलेक्टर के निर्देश पर प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम सौरभ गंधर्व और जिला आबकारी अधिकारी रविंद्र खरे से भी विस्तृत चर्चा की।
कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्थल का निरीक्षण कर शीघ्र जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
धरने में नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि लक्ष्मण पटेल, बजरंग दल अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, एकता परिषद जिला अध्यक्ष सुजात खान, पुष्पेंद्र राजपूत, मंजीत राज सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
कलेक्टर के विशेष निर्देश पर गुरुवार को जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग की टीम विवादित शराब दुकान स्थल का निरीक्षण करेगी। टीम शिकायतों की सत्यता की जांच कर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगी। आंदोलनकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपनी आपत्तियां दर्ज कराने के लिए मौके पर उपस्थित रहें।
संवाददाता:- हीरा लाल अहिरवाल
