पिपरई अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर जनता का फूटा गुस्सा, 50 से अधिक गांवों की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
न महिला रोग विशेषज्ञ, न सर्जन, न पर्याप्त जांच सुविधाएं; स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

पिपरई (अशोकनगर)। अशोकनगर जिले के पिपरई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति ने तहसीलदार अंजनी कुमार चौधरी को ज्ञापन सौंपकर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और आवश्यक सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है।
समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. शाकिर अहमद ने बताया कि पिपरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 50 से अधिक गांवों के हजारों लोग इलाज के लिए निर्भर हैं, लेकिन अस्पताल में आज भी कई मूलभूत और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव बना हुआ है।
समिति का कहना है कि अस्पताल का भवन आधुनिक और पर्याप्त क्षमता वाला है, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को इलाज के लिए अशोकनगर, गुना और अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। कई बार समय पर उपचार न मिलने से गंभीर परिस्थितियां भी उत्पन्न हो जाती हैं।
संघर्ष समिति के सदस्य विक्रम तांवरे ने बताया कि अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ और सर्जन जैसे महत्वपूर्ण पद लंबे समय से रिक्त हैं। इसके अलावा एक्स-रे, सोनोग्राफी और अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं।
ज्ञापन में अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, आधुनिक पैथोलॉजी लैब की स्थापना, एक्स-रे और सोनोग्राफी सुविधाओं का विस्तार, पर्याप्त स्टाफ की तैनाती तथा 24 घंटे एंबुलेंस एवं शव वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रमेश रजक, गोविंद अहिरवार, निखिल अहिरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन क्षेत्रवासियों की इन मांगों पर कब तक और किस स्तर पर कार्रवाई करता है।
- संपादक SS
- राजकुमार भारतीय
- संविधान समाचार, पिपरई (अशोकनगर)


