धर्मयूपी

समता सैनिक दल के स्वाभिमान आंदोलन में उमड़ा जनसैलाब, हजारों लोगों ने संविधान और बाबा साहब के मिशन को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

राष्ट्रीय महासचिव नरदेव सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद

अमरोहा/बिजनौर | 28 जून 2026

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समता सैनिक दल द्वारा रविवार को अमरोहा और बिजनौर में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अमरोहा जिले के ग्राम शेरपुर में आयोजित विशाल स्वाभिमान आंदोलन में हजारों लोगों की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और मिशन को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।

स्वाभिमान आंदोलन का नेतृत्व एडवोकेट निर्देश सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक समता, शिक्षा, संगठन और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता ही समाज को सशक्त बना सकती है। कार्यक्रम में लोगों से अधिक से अधिक संख्या में समता सैनिक दल से जुड़कर सामाजिक परिवर्तन की मुहिम का हिस्सा बनने का आह्वान किया गया।

इसी दिन बिजनौर जिले के ग्राम दरबड़ में समता सैनिक दल की जिला कार्यकारिणी की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, जिला स्तर पर कार्यालयों की स्थापना, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में समता सैनिक दल के राष्ट्रीय महासचिव नरदेव सिंह, प्रदेश प्रधान महासचिव एडवोकेट दयाराम गौतम, संगठन सचिव राजपाल सैनी, अमरोहा जिला कमांडर सरदार ब्रह्म सिंह, मुरादाबाद मंडल मीडिया प्रभारी योगेंद्र अंबेडकर, प्रदेश सचिव शिवचरण सहित अमरोहा और बिजनौर के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कमांडर और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

स्वाभिमान आंदोलन के समापन के बाद आयोजित अधिकारियों की बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव, अमरोहा एवं बिजनौर में जिला कार्यालय स्थापित करने, धम्म दक्षिणा कार्यक्रम, कैडर कैंप के आयोजन, 24 सितंबर 2026 को समता सैनिक दल की स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाने तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और भारतीय संविधान के मूल्यों के व्यापक जनजागरण अभियान को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

 

समता सैनिक दल ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन सामाजिक न्याय, समानता, बंधुत्व और संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के लिए अपने अभियान को और तेज करेगा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ग्राम स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का कार्य निरंतर जारी रखेगा ….

 

  • “संविधान समाचार 
  • संवाददाता 
  • उत्तर प्रदेश | योगेंद्र सिंह आंबेडकर 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!