युवा नेता सिद्धार्थ मलैया की मानवता: सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर पेश की मिसाल
मानव सेवा का दिया संदेश

दमोह | अशोक अहिरवार
दमोह जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में युवा नेता सिद्धार्थ मलैया ने सड़क दुर्घटना में घायल परिवार की मदद कर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कंदारी निवासी जितेंद्र सिंह लोधी अपनी धर्मपत्नी एवं दो छोटे बच्चों के साथ गढ़ाकोटा में रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम चनोआ के पास ट्रक और एम्बुलेंस की अचानक हुई सड़क क्रॉसिंग के कारण उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए |
उसी समय सागर से दमोह की ओर जा रहे युवा नेता सिद्धार्थ मलैया की नजर दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपनी गाड़ी रोकी और बिना किसी देरी के घायल महिला एवं बच्चे को अपने वाहन से गढ़ाकोटा सिविल अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद घायल जितेंद्र सिंह लोधी, उनकी धर्मपत्नी एवं पुत्र को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। संकट की घड़ी में सिद्धार्थ मलैया द्वारा दिखाई गई तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने इस सराहनीय कार्य के लिए सिद्धार्थ मलैया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में ऐसे जनप्रतिनिधियों और युवाओं की आवश्यकता है, जो जरूरत के समय लोगों के साथ खड़े होकर मानवता का परिचय दें।
संकट की घड़ी में की गई यह मदद समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है और यह संदेश देती है कि मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।


