पीथमपुर में 850 करोड़ का निवेश, दो आधुनिक औद्योगिक इकाइयों का शुभारंभ; सैकड़ों युवाओं को मिलेगा रोजगार
ऑप्टिकल फाइबर और बैटरी स्टोरेज के क्षेत्र में बढ़ेगी मध्यप्रदेश की औद्योगिक ताकत

ब्यूरो चीफ – अशोक अहिरवार
भोपाल/उज्जैन। मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार को लेकर सरकार के प्रयासों को एक और बड़ी गति मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 850 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित दो अत्याधुनिक विनिर्माण इकाइयों का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉर्सिस इंडस्ट्रीज और वाल्टर्स टेक्नोलॉजी की इन इकाइयों का शुभारंभ करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।
युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार की प्राथमिकता निवेश के साथ-साथ रोजगार के अवसर बढ़ाना है। नई औद्योगिक इकाइयों में आधुनिक तकनीक के साथ युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि ऑप्टिकल फाइबर और लिथियम बैटरी जैसे भविष्य से जुड़े क्षेत्रों में निवेश मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता को मजबूत करेगा। सरकार उद्योगों को आवश्यक बिजली, पानी, सड़क और अन्य अधोसंरचना उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
ऑप्टिकल फाइबर प्लांट में 300 रोजगार के अवसर
प्रताप ग्रुप के अनुसार, पीथमपुर में करीब 8,067 वर्गमीटर क्षेत्र में कॉर्सिस इंडस्ट्रीज का ऑप्टिकल फाइबर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित किया गया है। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 5.5 मिलियन फाइबर किलोमीटर बताई गई है।
इस इकाई से करीब 300 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलने की जानकारी दी गई। यहां निर्मित ऑप्टिकल फाइबर का उपयोग ब्रॉडबैंड, 5जी नेटवर्क, एफटीटीएच, डेटा सेंटर, स्मार्ट सिटी, रक्षा और अन्य संचार अधोसंरचना में किया जाएगा।
बैटरी स्टोरेज प्लांट से भी रोजगार
वहीं, वाल्टर्स टेक्नोलॉजी का प्लांट करीब 20,505 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित किया गया है। इसकी उत्पादन क्षमता 3 GWh बताई गई है और इससे करीब 250 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।
प्लांट में इंडस्ट्री 4.0 आधारित ऑटोमेशन और रोबोटिक असेंबली लाइन जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह इकाई रिन्यूएबल एनर्जी और क्लीन एनर्जी से जुड़े क्षेत्रों में उपयोगी होगी।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे। उन्होंने दोनों औद्योगिक इकाइयों के शुभारंभ को मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि बैटरी स्टोरेज प्लांट देश की बढ़ती स्वच्छ ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा, जबकि ऑप्टिकल फाइबर इकाई डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, प्रताप ग्रुप के विभिन्न प्रयासों से करीब 30 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। समूह के कौशल विकास केंद्रों में 2 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में विधायक नीना वर्मा, निलेश भारती, प्रताप ग्रुप के चेयरमैन देवेंद्र सिंह शेखावत, मानकुंवर, डॉ. जितेंद्र सिंह शेखावत, मैनेजिंग डायरेक्टर शक्ति सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नए उद्योगों के विस्तार से मध्यप्रदेश में रोजगार, आधुनिक तकनीक और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश औद्योगिक विकास के साथ आर्थिक समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़े।

