रीवा संभाग में कमिश्नर शीलेंद्र सिंह सख्त, कचरा प्रबंधन से लेकर अमृत 2.0 और राजस्व वसूली तक दिए बड़े निर्देश
हर वार्ड में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, पशु चिकित्सालयों में ABC केंद्र, 15 अगस्त तक अधूरे विकास कार्य पूरे करने के निर्देश

रीवा। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वच्छता, अमृत 2.0 जलप्रदाय योजना, मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0 तथा राजस्व वसूली को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि सभी नगर निगम एवं नगर परिषद डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करें तथा गीले और सूखे कचरे का पृथक निष्पादन कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने कचरा संग्रहण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और एजेंसियों के विरुद्ध नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सतना में अक्टूबर तक डंपिंग यार्ड तैयार करने, प्रत्येक वार्ड में जनप्रतिनिधियों की समिति गठित करने और आमजन से स्वच्छता संबंधी सुझाव लेने को कहा।
बैठक में अमृत 2.0 जलप्रदाय योजना, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0, मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास, स्वच्छ भारत मिशन 2.0, वाटर बॉडी रीजुवनेशन, सीएम हेल्पलाइन तथा राजस्व वसूली की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि पेयजल टंकियों और पार्कों के अधूरे निर्माण कार्य 15 अगस्त तक पूर्ण किए जाएं तथा 100 दिन से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।
उन्होंने कम राजस्व संग्रहण पर नाराजगी जताते हुए पांच प्रतिशत से कम राजस्व वसूली वाले नगर परिषदों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही संपत्ति कर एवं जल कर की वसूली तेज करने और राजस्व के नए स्रोत विकसित करने पर जोर दिया
आवारा श्वानों की समस्या पर भी कमिश्नर ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में डॉग बाइट की घटनाएं अधिक होती हैं, वहां सर्वे कराया जाए। सभी पशु चिकित्सालयों में एबीसी (Animal Birth Control) केंद्र संचालित किए जाएं तथा श्वानों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उन्होंने अवैध अतिक्रमण हटाने, जर्जर सार्वजनिक भवनों को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने तथा हरित अभियान के तहत पौधारोपण की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए। कमिश्नर ने सभी नगर पालिका अधिकारियों को शासन के निर्धारित लक्ष्य 30 अगस्त तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम रीवा के आयुक्त अक्षत जैन, नगर निगम सतना एवं सिंगरौली के आयुक्त, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन हिमांशु भट्ट सहित सभी नगर परिषदों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: नंदन सिंह, संवाददाता, रीवा | संविधान समाचार

