
UP:- ‘कोरिया ही हमारी जिंदगी’ का जुनून और जानलेवा गेम का आखिरी टास्क बना मौत की वजह
संविधान समाचार न्यूज| गाजियाबाद (6 फरवरी 2026)
उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के सिद्धार्थ विहार स्थित भारत सिटी सोसाइटी में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2:15 बजे तीन सगी बहनों—निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12)—ने नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि तीनों बहनें ‘कोरियन लवर’ नामक एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड गेम की शिकार हुई थीं।
घटना का घटनाक्रम: रात 1:30 से 2:15 के बीच क्या हुआ?
पानी का बहाना: रात करीब 1:35 बजे तीनों बहनें पानी पीने के बहाने अपनी माँ के कमरे से उठीं।
पूजा घर में कैद: वे रसोई के बजाय घर के पूजा वाले कमरे में गईं और दरवाजा अंदर से लॉक कर लिया।
सीढ़ी का सहारा: बालकनी की ऊंची रेलिंग पार करने के लिए उन्होंने दो-स्टेप वाली सीढ़ी का इस्तेमाल किया और एक-एक कर नीचे कूद गईं।
सुसाइड नोट: कमरे से एक डायरी मिली है जिस पर लिखा था— “True Life Story… इस डायरी में जो कुछ भी लिखा है वो सब पढ़ लो क्योंकि ये सब सच है। Read Now! I’m really Sorry Papa.”
पिता का खुलासा: “कोरिया ही हमारा सबसे बड़ा प्यार है”
पिता चेतन कुमार ने बताया कि बेटियां पिछले 2-3 साल से स्कूल नहीं जा रही थीं और दिन-भर मोबाइल में डूबी रहती थीं।
“वे खुद को कोरियन नामों से बुलाती थीं। जब भी हम मोबाइल छीनते, वे कहती थीं कि कोरिया ही उनकी जिंदगी है और वे उसके बिना नहीं रह सकतीं। मुझे नहीं पता था कि वे किसी जानलेवा गेम का हिस्सा हैं।”
पुलिस जांच: ‘बॉस’ और ‘डेथ टास्क’ का एंगल
पुलिस के अनुसार, 14 वर्षीय प्राची इस गेम में ‘बॉस’ की भूमिका में थी और बाकी दोनों बहनें उसके निर्देशों का पालन करती थीं। वे हर काम साथ करती थीं—खाना, सोना, यहाँ तक कि नहाना भी। पुलिस को शक है कि घटना वाली रात गेम का 50वां यानी आखिरी टास्क था, जिसे पूरा करने के दबाव में उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
