पटेरा में गंदे पानी की सप्लाई से लोग परेशान, नगर परिषद उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
फिल्टर टंकी और एमबीआर के निरीक्षण में मिली खामियां

दमोह / MP :- पटेरा नगर परिषद पटेरा में गंदे पानी की सप्लाई को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। घरों में दूषित पानी पहुंचने से आमजन परेशान हैं और शुद्ध पेयजल की मांग कर रहे हैं। शिकायतों के बाद नगर परिषद उपाध्यक्ष छुट्टू उर्फ दीपक ताम्रकार एवं अध्यक्ष के सुपुत्र पप्पू अहिरवार ने फिल्टर टंकी और एमबीआर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एमबीआर में कचरा मिलने और पानी में क्लोरीन की कमी पाए जाने की बात सामने आई। बताया गया कि इसी वजह से पानी का समुचित फिल्ट्रेशन नहीं हो पा रहा और गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।
नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक ताम्रकार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल निगम अधिकारियों को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि जल निगम के अधिकारी फिल्टर टंकी पहुंचकर निरीक्षण करेंगे और तकनीकी जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गंदे पानी की सप्लाई से स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल मामले को लेकर नगर परिषद और जल निगम की टीम सक्रिय नजर आ रही है। अब लोगों की नजर आगामी निरीक्षण और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
संविधान समाचार :- रिपोर्टर अशोक अहिरवार



