दमोह में अतिक्रमण हटाने गई टीम से अभद्रता, FIR के बाद पुलिस की निगरानी में चला बुलडोजर
शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर प्रशासन का एक्शन

दमोह। MP दमोह शहर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका टीम के साथ अभद्रता और झूमाझपटी का मामला सामने आया था। घटना के बाद नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी आक्रोशित होकर कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम शहर में नियमित अतिक्रमण हटाने का अभियान चला रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए टीम के साथ अभद्रता और विवाद किया गया।
मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की। FIR दर्ज होने के बाद प्रशासन ने मौके पर दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की, जिसमें पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया।
इस दौरान पूरे क्षेत्र में पुलिस की कड़ी निगरानी रही और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया। प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों और अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
रिपोर्ट: अशोक अहिरवार (सागर संभाग)

