भिण्ड में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग
AAP ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, निजी स्कूलों की मनमानी पर जताई नाराजगी

भिण्ड | 30 मई 2026
मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में निजी स्कूलों द्वारा कथित फीस बढ़ोतरी, महंगी किताबों की बिक्री और ड्रेस के नाम पर की जा रही मनमानी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने आवाज उठाई है। पार्टी के जिला अध्यक्ष अभिलाष सिंह कुशवाह ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निजी स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिला प्रशासन द्वारा एनसीईआरटी पाठ्यक्रम की किताबें लागू करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद कई निजी स्कूल अभिभावकों को निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे हैं। इसके अलावा हर वर्ष स्कूल ड्रेस में बदलाव कर अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
AAP का कहना है कि कई निजी विद्यालय मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहे हैं, जिससे पालकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने मांग की है कि नियमों के विरुद्ध फीस बढ़ाने वाले स्कूलों की सूची सार्वजनिक की जाए तथा ऐसे संस्थानों पर पांच गुना जुर्माना लगाकर विद्यार्थियों से वसूली गई अतिरिक्त फीस वापस कराई जाए।
पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि किताब, ड्रेस और फीस के नाम पर अभिभावकों का शोषण किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो इस मुद्दे को लेकर जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
रिपोर्ट: संविधान समाचार न्यूज, भिण्ड
