चितौरा को मिली विकास की नई पहचान, विधायक प्रदीप लारिया ने किया भव्य तोरण द्वार का लोकार्पण
"गांव की पहचान और गौरव का प्रतीक बनेगा तोरण द्वार"

सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चितौरा में नवनिर्मित भव्य तोरण द्वार का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के मुख्य आतिथ्य में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि विकास केवल आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान को मजबूत करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चितौरा का यह भव्य तोरण द्वार गांव की गरिमा, पहचान और गौरव का प्रतीक बनेगा तथा यहां आने वाले लोगों का आत्मीय स्वागत करेगा।

उन्होंने बताया कि नरयावली विधानसभा क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सड़क, शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य अधोसंरचना विकास के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सुंदरता एवं पहचान को सुदृढ़ करने वाले कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उनका लक्ष्य क्षेत्र के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
इस अवसर पर ग्राम के सरपंच, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया और क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। समारोह उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ।
- संविधान समाचार
- सागर संभाग MP
- ब्यूरो चीफ अशोक अहिरवार

