
अशोकनगर। MP अशोकनगर जिले में शासकीय शिक्षक के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद शिक्षक संघ ने जिला प्रशासन और पुलिस से शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मामला कचनार थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक विद्यालय बमनई सोंहरा का है। प्राथमिक शिक्षक महेश कुमार अहिरवार के साथ अभद्रता और मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश के बाद कचनार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों गोविंद रघुवंशी और विनोद रघुवंशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर, घटना के विरोध में मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शिव कुमार शर्मा और जिला सचिव महेश प्रसाद भार्गव के नेतृत्व में शिक्षकों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। संघ ने शिक्षकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि शासकीय सेवकों को सुरक्षित एवं निर्भय वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

