अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस पर एकलव्य विश्वविद्यालय में भव्य नृत्य प्रतियोगिता. |
100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग, तीन आयु वर्ग में हुआ आयोजन

दमोह।MP अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस के अवसर पर 29 अप्रैल 2026 को एकलव्य विश्वविद्यालय, दमोह में कला एवं प्रदर्शन विभाग के ओडिसी नृत्य विभाग द्वारा भव्य नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ. सुधा मलैया, प्रति कुलाधिपति पूजा मलैया एवं रति मलैया के मार्गदर्शन में कुलगुरु प्रो. पवन कुमार जैन तथा कुलसचिव डॉ. प्रफुल्ल शर्मा के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कुलगुरु प्रो. पवन कुमार जैन, कुलसचिव डॉ. प्रफुल्ल शर्मा, अधिष्ठाता अकादमिक डॉ. शमा जेपी खानम, डीपीएस प्राचार्य अंजलि शिंदे सहित निर्णायक मंडल के सदस्य—आरोही श्रीवास्तव, कल्याणी ताम्रकार, डॉ. स्वाति गौर, डॉ. वैभव कैथवास एवं यामिनी गेडाम उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता की समन्वयक डॉ. निधि असाटी एवं संयोजक तपन कुमार साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से आए प्रतिभागियों ने ओडिसी, भरतनाट्यम, कथक सहित बुंदेलखंडी लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कुलगुरु प्रो. पवन कुमार जैन ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य प्रदेश एवं देश की नृत्य प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। वहीं कुलसचिव डॉ. प्रफुल्ल शर्मा ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान में अनुभवी प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में नृत्य की विधाओं में और निखार लाया जा सकता है। अधिष्ठाता डॉ. शमा जेपी खानम ने प्रतिभागियों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसे तीन आयु वर्ग—7 से 12 वर्ष (सब जूनियर), 13 से 17 वर्ष (जूनियर) एवं 17 वर्ष से अधिक (सीनियर) में विभाजित किया गया। एकल, युगल एवं समूह श्रेणियों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
परिणाम इस प्रकार रहे— सब जूनियर वर्ग में विशाखा पालीवाल प्रथम, अर्घ्या एवं आर्या द्वितीय तथा सौम्या एवं अनुष्का तृतीय स्थान पर रहीं।
जूनियर वर्ग में अनुभा प्रथम, पदमिनी द्वितीय एवं ममता तृतीय स्थान पर रहीं।
सीनियर वर्ग में सुरभि प्रथम, खुशी द्वितीय एवं रूपल जैन तृतीय स्थान पर रहीं।
युगल नृत्य में प्रथम आयु वर्ग में भूमि-श्रव्या, द्वितीय आयु वर्ग में ममता-अनुभा तथा तृतीय आयु वर्ग में अनुष्का-चंचल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जबकि ऐश्वर्या-ऐशना को द्वितीय स्थान मिला।
विजेताओं को स्मृति चिन्ह, मेडल, प्रमाण पत्र एवं सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक तपन कुमार साहू ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. हृदय नारायण तिवारी द्वारा किया गया।
इस भव्य आयोजन को एक हजार से अधिक दर्शकों ने उत्साहपूर्वक देखा और सराहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।


