दमोह में दर्दनाक हादसा: संदिग्ध परिस्थितियों में दो मासूम बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा मौत का वास्तविक कारण

दमोह, मध्य प्रदेश। जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जेरठ चौकी के एक गांव से बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। संदिग्ध परिस्थितियों में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दामोदर लोधी की 10 वर्षीय बेटी भावना लोधी और डोमन लोधी का 6 वर्षीय बेटा समीर लोधी रात में एक ही कमरे में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि उसी कमरे में गेहूं में रखने वाली जहरीली दवा रखी हुई थी।
परिजनों के अनुसार, दवा की तेज दुर्गंध के कारण दोनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। आनन-फानन में परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर बहादुर सिंह ने जांच और ईसीजी के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जेरठ चौकी प्रभारी गोपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
दो मासूम बच्चों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।
संविधान समाचार:- ब्यूरो चीफ अशोक अहिरवार
