अशोकनगर में SUCI (C) का प्रदर्शन: एलपीजी गैस कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
पछाड़ी खेड़ा चौराहा बना आंदोलन का केंद्र, कार्यकर्ताओं ने जताया आक्रोश

संविधान समाचार:- अशोक नगर / MP:- सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) पार्टी द्वारा एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
अशोकनगर– मेहनतकश वर्ग की पार्टी SUCI (C) द्वारा गैस के दामों में की गई भारी वृद्धि के खिलाफ पछाड़ी खेड़ा चौराहा पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पार्टी जिला कमेटी सदस्य देवेंद्र विजौरे ने कहा कि आमजनता पहले से ही निजीकरण की नीति के चलते महंगाई से परेशान है और हाल ही में चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही मजदूर दिवस के दिन केंद्र सरकार ने वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में 993 रुपये की भारी वृद्धि कर दी है।
पहले 2,078.50 का वाणिज्यिक सिलेंडर अब बढ़कर 3,071.50 रुपए हो गया है, जबकि 5 किलो के एलपीजी सिलेंडर पर भी 261 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इस वृद्धि का सीधा असर होटल, ढाबा और अन्य व्यवसायों पर पड़ेगा और अंततः इसका बोझ आम उपभोक्ताओं पर आएगा, जिससे बाहर खाना और फूड डिलीवरी महंगी हो जाएगी। आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे महंगाई और बढ़ेगी तथा आम जनता का जीवन और कठिन हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि सस्ते तेल के आयात को बंद कर महंगे आयात की ओर बढ़ना आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रहा है। एक तरफ सरकारी स्कूलों को बंद कर शिक्षा का निजीकरण,व्यापारीकरण किया जा रहा है स्मार्ट मीटर और बिजली का निजीकरण एवं अन्य सार्वजनिक उपक्रमों को निजी हाथों में देकर महंगाई को बढ़ाया जा रहा है जिससे आमजनता का जीना मुश्किल होता जा रहा है और पूंजीपतियो को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने एलपीजी कीमतों में वृद्धि को वापस लेने की मांग करते हुए जनता से एकजुट होकर विरोध करने का आह्वान किया। प्रदर्शन का संचालन जिला कमेटी सदस्य सावन बैरागी ने किया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आमजन भी शामिल रहे।
