क्राइममध्य प्रदेश

शराब के पैसे नहीं देने पर शिक्षा विभाग के बाबू पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा उपचार

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति द्वारा शिक्षा विभाग में पदस्थ बाबू पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल बाबू की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ापुरा निवासी 56 वर्षीय देवेंद्र राज, जो शिक्षा विभाग में बाबू के पद पर कार्यरत हैं, शनिवार रात करीब 9 बजे अपने घर के पास मौजूद थे। इसी दौरान क्षेत्र के रहने वाले अरविंद नामक व्यक्ति ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे।

बताया जा रहा है कि जब देवेंद्र राज ने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपी गुस्से में आ गया और चाकू से उन पर हमला कर दिया। हमले में देवेंद्र राज गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल में डॉक्टर यशपाल और डॉ. दिव्यांशु अवस्थी की टीम द्वारा घायल का उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट : अशोक अहिरवार, दमोह

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!