करंट का कहर: डीपी पर बैठे तीन राष्ट्रीय पक्षी मोरों की दर्दनाक मौत
दमोह जिले के ग्राम गुंजी में हुआ हादसा

MP: दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले के वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुंजी में तीन राष्ट्रीय पक्षी मोरों की करंट लगने से दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तीनों मोर गांव में स्थित एक विद्युत डीपी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए। हादसे में एक मोर डीपी से चिपक गई, जबकि दूसरी तड़पते हुए नीचे गिर गई। तीसरे मोर की भी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) ईश्वर जरांडे ने तत्काल वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रम चौधरी एवं वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और तीनों मोरों का पोस्टमार्टम कराया।
वन विभाग द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों राष्ट्रीय पक्षियों का अंतिम संस्कार कराया गया। डीएफओ ईश्वर जरांडे ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
राष्ट्रीय पक्षी मोरों की एक साथ हुई मौत ने वन्यजीव संरक्षण और बिजली व्यवस्थाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।
दमोह से ब्यूरो चीफ अशोक अहिरवार की खबर:-



