मध्य प्रदेशराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

दमोह में स्मार्ट मीटर के विरोध में आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

स्मार्ट मीटर के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन

संविधान समाचार – संवादाता अशोक अहिरवार 

दमोह। जिले में स्मार्ट मीटर और लगातार बढ़ते बिजली बिलों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। मंगलवार, 11 अगस्त को भीम आर्मी-आजाद समाज पार्टी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

 

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर के विरोध में जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे सामान्य परिवारों के लिए बिजली का बिल चुकाना मुश्किल होता जा रहा है।

महिलाओं ने भी जताया आक्रोश- प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। महिलाओं ने बिजली के बढ़ते बिलों को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार द्वारा लाड़ली बहनों को दी जा रही राशि से ज्यादा रकम कई बार बिजली बिल में चली जाती है। ऐसे में परिवार का घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।

 

जिला अध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना- आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष दीपराज जाटव ने कहा कि ग्रामीणों की बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कई योजनाएं धरातल पर दिखाई नहीं देतीं और उनका लाभ लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है।

 

उन्होंने मांग की कि बिजली विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की वास्तविक खपत का सर्वे कराया जाए और जितनी बिजली की खपत हो, उसी के अनुसार बिल निर्धारित किया जाए।

 

दीपराज जाटव ने स्मार्ट मीटर को लेकर ग्रामीणों की शिकायतों का हवाला देते हुए कहा कि कई उपभोक्ताओं को उनकी क्षमता से अधिक बिल आने की शिकायत है, जिसके कारण उन्हें बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

 

समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

आजाद समाज पार्टी ने प्रशासन से ग्रामीण उपभोक्ताओं की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

 

ये पदाधिकारी रहे मौजूद ज्ञापन और प्रदर्शन के दौरान आजाद समाज पार्टी जिला उपाध्यक्ष शेखर अहिरवाल, ओबीसी महासभा जिला उपाध्यक्ष राकेश सेन, मनीष अहिरवाल, दीपक अहिरवाल, सहदेव अहिरवाल, उत्तम अहिरवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायतों और स्मार्ट मीटर से जुड़ी मांगों पर जिला प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!