दमोह में भीषण गर्मी के चलते कक्षा 1 से 5 तक के स्कूलों में 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित |
भीषण गर्मी का असर: दमोह में कक्षा 1 से 5 तक स्कूलों में 30 अप्रैल तक अवकाश

दमोह, 24 अप्रैल 2026 | ब्यूरो चीफ अशोक अहिरवार
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन दमोह ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर (सर्व शिक्षा अभियान) द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय एवं सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में प्री-प्रायमरी से कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जारी आदेश में बताया गया है कि जिले में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने और आगे और बढ़ने की संभावना को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी कारण प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
इससे पहले स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया था, लेकिन अब गर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए छोटे बच्चों को राहत देते हुए अवकाश घोषित किया गया है। 25 अप्रैल 2026 से यह आदेश प्रभावशील रहेगा।
हालांकि इस दौरान शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक एवं विद्यालयीन कार्य करते रहेंगे।
जिला प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उठाया गया यह कदम सराहनीय माना जा रहा है।
मुख्य बातें:
- ✔ कक्षा प्री-प्रायमरी से 5वीं तक अवकाश
- ✔ 30 अप्रैल तक EducationNewsस्कूल बंद
- ✔ 25 अप्रैल से आदेश लागू
- ✔ शिक्षक रहेंगे उपस्थित
- रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ अशोक अहिरवार
- संविधान समाचार

