Uncategorizedमध्य प्रदेश

हिंडोरिया में विकास की खुली पोल! 4 महीने से अधूरी सड़क, हर दिन हादसे का खतरा*

वार्ड क्रमांक 10 के लोग रोज़ाना झेल रहे हैं परेशानी, हादसे का खतरा बढ़ा।

दमोह – मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हिंडोरिया नगर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने विकास कार्यों की गुणवत्ता और जिम्मेदार व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 10 में पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सीसी सड़क पिछले 3 से 4 महीनों से अधूरी पड़ी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक सड़क की सीमेंट-कंक्रीट से मरम्मत नहीं कराई गई है।

सड़क के बीच बनी गहरी खुदाई के कारण वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों के अनुसार सड़क के दोनों ओर मकान होने से बच्चे अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई दोपहिया और चारपहिया वाहन इस रास्ते में फंस चुके हैं और कुछ लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के सीएमओ और इंजीनियर को कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि खराब सड़क के कारण एंबुलेंस, पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

इसी मुद्दे को लेकर अब जिले की सड़क व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि दमोह जिले का प्रतिनिधित्व दो राज्य मंत्री, एक प्रभारी मंत्री और एक सांसद करते हैं, इसके बावजूद कई स्थानों पर सड़कें बदहाल हैं और आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।

वार्डवासियों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर सीमेंट-कंक्रीट से भराई कराई जाए। उनका कहना है कि यदि भविष्य में कोई जनहानि या गंभीर दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार, नगर परिषद के इंजीनियर और सीएमओ की होगी।

फिलहाल, देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेता है और वार्ड क्रमांक 10 की अधूरी सड़क का निर्माण कार्य आखिर कब पूरा होता है।

 

  • संविधान समाचार 
  • सह संपादक हीरालाल भारतीय 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!