Uncategorized

जनसुनवाई के आवेदनों का दो दिन में शत-प्रतिशत निराकरण करें: कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि अब कलेक्ट्रेट में हार्ड कॉपी फाइलें स्वीकार नहीं की जाएंगी

रीवा। MP कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में रीवा कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सभी जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का दो दिन के भीतर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजनता शासन-प्रशासन पर विश्वास कर अपनी समस्याएं लेकर आती है, इसलिए संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ उनका समाधान किया जाना चाहिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को अपनी योजनाओं, उपलब्धियों तथा कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया कि सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा के लिए नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी और राजस्व कार्यों की माह में दो बार समीक्षा होगी।

बैठक में अधिकारियों को निर्धारित टूर डायरी के अनुसार क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की मॉनिटरिंग करने तथा भ्रमण के दौरान की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। ग्राम जतरी और सकरबट में आमजन से संवाद के दौरान दिए गए निर्देशों का अनुपालन प्रतिवेदन एवं फीडबैक दो दिवस में प्रस्तुत करने को कहा गया।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अब जिला स्तर पर सभी फाइलें और पत्र केवल ई-ऑफिस के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। कलेक्ट्रेट में हार्ड कॉपी फाइलें स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने जिले को एक सप्ताह के भीतर ई-ऑफिस रैंकिंग में प्रदेश के शीर्ष दस जिलों में शामिल कराने का लक्ष्य निर्धारित किया।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को 80 से अधिक अंक प्राप्त करने के निर्देश दिए। निर्धारित स्तर से कम प्रदर्शन होने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की चेतावनी दी गई। जनगणना के अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों में मकान सूचीकरण कार्य 91 प्रतिशत पूर्ण होने पर संबंधित अधिकारियों को प्रशंसा पत्र देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पेयजल व्यवस्था, समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन, सड़कों के सुधार, जल गंगा संवर्धन अभियान तथा वृक्षारोपण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!